उज्जैन: नागझिरी थाना क्षेत्र में खदान के तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत, देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

उज्जैन जिले के नागझिरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौंदिया में स्थित खदान के तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया जानकारी के अनुसार, अशोक नगर गोपालपुरा क्षेत्र के करीब नौ बच्चे खदान में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो किशोर गहरे पानी में चले गए और करीब 50 फीट गहराई में डूब गए। शाम करीब 5 बजे घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।रेस्क्यू के दौरान पहले शुभम जाटव का शव गहराई से बाहर निकाला गया। इसके बाद देर रात करीब 3 बजे दूसरे किशोर अनस का शव भी सर्च टीम को मिला। दोनों किशोर सोमवार सुबह अन्य बच्चों के साथ नहाने के लिए खदान पहुंचे थे, जहां यह हादसा हो गया।बचाव कार्य में होमगार्ड और SDRF की टीमों ने कई घंटों तक लगातार मशक्कत की। पानी के अंदर तलाश के लिए अंडरवाटर रेस्क्यू कैमरा का भी उपयोग किया गया। कड़ी मेहनत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया।पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




